भीम बांध पहुंचे CM सम्राट चौधरी, आदिवासी समाज की सुनी समस्याएं, बोले- विकास के सभी काम कराए जाएंगे सड़क, पेयजल, हाई स्कूल, सिंचाई और सामुदायिक भवन की मांग पर अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
पटना/मुंगेर, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड स्थित भीम बांध ईको-पर्यटन क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली और आदिवासी समुदाय के लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्थानीय लोगों की मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
भीम बांध पहुंचने पर आदिवासी समुदाय के लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने ‘मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। मुख्यमंत्री ने भी लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को गंभीरता से सुना।इन समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा आदिवासी समुदाय के लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें मुख्य रूप से—
– सड़क निर्माण और बेहतर सड़क संपर्क
– पेयजल की व्यवस्था
– हाई स्कूल की सुविधा
– सिंचाई के लिए नहर
– सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी समुदाय के विकास और उनकी मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास के सभी जरूरी कार्य कराए जाएंगे।
ईको-टूरिज्म विकास कार्यों की भी ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने भीम बांध ईको-पर्यटन क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए यहां पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के भ्रमण का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन विकास के साथ-साथ स्थानीय समुदाय की जरूरतों और समस्याओं को समझना भी रहा।
कौन-कौन रहे मौजूद
कार्यक्रम में गन्ना उद्योग मंत्री सह मुंगेर के प्रभारी मंत्री संजय कुमार, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, सांसद अरुण भारती, विधायक कुमार प्रणय, विधायक मनीष कुमार, पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।इसके अलावा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआईजी राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित अन्य वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री का संदेश—
विकास में स्थानीय लोगों की भागीदारी जरूरीभीम बांध में मुख्यमंत्री और आदिवासी समुदाय के बीच हुआ संवाद इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहा कि स्थानीय लोगों ने सीधे अपनी जरूरतें और समस्याएं सरकार के सामने रखीं। अब लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सड़क, पेयजल, शिक्षा और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कामों को गति मिलेगी।