पटना,
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 25 वर्षों के कार्यों और देश में हुए विकास एवं बदलाव पर आधारित संगीतमय नाट्य का मंचन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में भारत में व्यापक बदलाव आया है और यह देश की विकास यात्रा का प्रतीक है। उनके अनुसार, केंद्र सरकार के स्तर पर आवास, खाद्यान्न, शौचालय, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और सड़क सहित कई क्षेत्रों में काम हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करीब 5 करोड़ पक्के मकान उपलब्ध कराने, गरीब परिवारों तक उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन पहुंचाने और बड़े पैमाने पर शौचालयों का निर्माण कराने का कार्य हुआ है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड के जरिए गरीब परिवारों को इलाज की सुविधा मिलने और बिहार में करीब 10 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने की बात भी कही।
बिहार के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहले करीब 8 हजार किलोमीटर सड़कें थीं, जबकि अब लगभग 1.5 लाख किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया गया है। एक्सप्रेस-वे सहित कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बिहार की ऐतिहासिक और गौरवशाली विरासत को पुनः स्थापित करने की आवश्यकता भी बताई।
बाढ़ की स्थिति पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष सोन, गंडक और गंगा नदियों में उच्चतम बाढ़ स्तर रहा है। प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने का काम जारी है और वायुसेना के हेलीकॉप्टरों से बाढ़ पीड़ितों को सूखा खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम करेगी। पहले कोसी नदी को नियंत्रित करने और इसके बाद गंगा, सोन और गंडक नदियों पर काम करने की बात कही।
शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने 700 सरस्वती विद्या निकेतन बनाए जाने और करीब 3.5 लाख बच्चों के लिए ऑनलाइन शिक्षकों के माध्यम से पढ़ाई की व्यवस्था का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई को एक साथ 211 डिग्री कॉलेज खोले गए और इनमें शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। करीब 2,500 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति के लिए भी प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के सभी फीडरों का सोलराइजेशन किया जाएगा, जिससे किसानों को सस्ती और नियमित बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र में जनता की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, “श्री नरेंद्र मोदी जी ने काम किया है, इसलिए जनता उन्हें बार-बार मौका देती है। लोकतंत्र में जनता मालिक है। जनता तय करती है कि कुर्सी पर कौन बैठेगा।” उन्होंने बिहार में सुशासन की सरकार होने का दावा करते हुए कहा कि लोगों को त्वरित न्याय और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है तथा किसी घटना के बाद 24 घंटे के अंदर कार्रवाई की जाती है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।