Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

मोरहाबादी में सीएम हेमंत सोरेन ने फहराया तिरंगा युवाओं को दिया बड़ा भरोसा

रांची: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में पहली बार राष्ट्रीय गीत का गायन भी हुआ।

राजकीय समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी तदाशा मिश्रा, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में 14 प्लाटून के जवानों ने परेड प्रस्तुत की। इस बार ओडिशा पुलिस की प्लाटून भी आकर्षण का केंद्र रही।

युवाओं की मेहनत को माफिया के भरोसे नहीं छोड़ेंगे

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संबोधन में राज्य के युवाओं और भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा प्रमुख रहा। उन्होंने कहा कि झारखंड के लाखों युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और उनके माता-पिता भी अपनी क्षमता से बढ़कर उन्हें पढ़ा रहे हैं। ऐसे में सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है कि युवाओं की मेहनत का सम्मान हो और उनकी प्रतिभा को न्याय मिले।

हेमंत सोरेन ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था पर संदेह होने से केवल एक परीक्षा प्रभावित नहीं होती, बल्कि पूरी पीढ़ी का विश्वास प्रभावित होता है। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि “आपकी मेहनत को किसी माफिया, किसी भ्रष्ट तंत्र और किसी अनियमितता के भरोसे नहीं छोड़ा जाएगा।”

दोषी कितना भी प्रभावशाली हो, बख्शा नहीं जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जांच निष्पक्ष तरीके से होगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, अगर उसकी संलिप्तता साबित होती है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, बिना प्रमाण किसी को दोषी ठहराने की राजनीति भी नहीं की जाएगी।

परीक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार का दावा

सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल दोषियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था तैयार करना है जिससे भविष्य में युवाओं के सपनों के साथ कोई खिलवाड़ न कर सके। इसके लिए समयबद्ध वार्षिक परीक्षा कैलेंडर, पारदर्शी और तकनीक-सुरक्षित परीक्षा प्रणाली, उत्तर कुंजी और ओएमआर की समयबद्ध उपलब्धता तथा बहुस्तरीय जवाबदेही पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘छात्रों की बात-छात्रों के साथ’ अभियान शुरू किया है। इसके जरिए विद्यार्थी, शिक्षक, शिक्षाविद और अभिभावक परीक्षा सुधार की प्रक्रिया में सहभागी बन सकते हैं।

रोजगार को बताया सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का लक्ष्य सिर्फ सरकारी रिक्तियां भरना नहीं, बल्कि उद्योग, एमएसएमई, कृषि, डेयरी, मत्स्य, पर्यटन, डिजिटल सेवाओं और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में JPSC, JSSC और अन्य भर्ती एजेंसियों के माध्यम से बड़ी संख्या में नियुक्ति प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपनी मेहनत पर भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उनका परिश्रम व्यर्थ नहीं जाएगा।

किसानों और एमएसएमई को लेकर भी बोले सीएम

मुख्यमंत्री ने किसानों को राज्य की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि सरकार सिंचाई, बीज, समर्थन मूल्य और कृषि यंत्रीकरण के जरिए किसानों को मजबूत करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने बिरसा हरित ग्राम योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत बड़े स्तर पर वृक्षारोपण और आजीविका से जुड़े कार्य किए गए हैं। साथ ही एमएसएमई, कारीगरों, बुनकरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को राज्य की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण ताकत बताया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top