पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार को समृद्ध और विकसित राज्य बनाने के लिए कड़ी मेहनत का मंत्र देते हुए कहा कि “24 घंटे में 20 घंटे काम करना होगा, न खाएंगे, न खाने देंगे, न सोएंगे, न सोने देंगे, तभी बिहार समृद्ध होगा।” पटना के बापू सभागार में आयोजित ‘भरोसे के च्वाइस पटना एडिशन’ कार्यक्रम में उन्होंने बिहार के विकास, निवेश और औद्योगिक विस्तार का बड़ा विजन सामने रखा।

रोड मैप के प्रमुख बिंदु
बिहार में उद्योग और स्टार्टअप के लिए 30 दिनों के भीतर क्लियरेंस की व्यवस्था।
12 नई टाउनशिप विकसित होंगी, जिनमें 6.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश आने की संभावना।
6.25 लाख एकड़ भूमि पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जाएंगे।
अगले दो वर्षों में बिजली उत्पादन क्षमता को इतनी बढ़ाने का लक्ष्य कि आने वाले 30 वर्षों की जरूरतें पूरी हो सकें।
बिजली उपभोक्ताओं को सरकार द्वारा 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।
सहयोग शिविर में 30 दिन के भीतर आवेदन का निपटारा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के स्वतः निलंबन की व्यवस्था।
अपराध और कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाने का दावा।
गंगा और सोन नदी पर 126 किलोमीटर लंबे नए पथ तथा तीन एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं पर काम।
क्या बोले मुख्यमंत्री?
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है और राज्य को फिर उसी ऊंचाई पर पहुंचाना लक्ष्य है। उन्होंने उद्योगपतियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कंपनी सेक्रेटरी और निवेशकों से बिहार के विकास अभियान में भागीदार बनने की अपील करते हुए कहा कि उद्योग, निवेश और जनभागीदारी के बल पर बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।