पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित तीन दिवसीय ज्वेलरी महोत्सव-2026 का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। यह महोत्सव 1 सितंबर तक चलेगा। आयोजन स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान की ओर से किया गया है।

मुख्यमंत्री ने करीब 200 आभूषण निर्माताओं के स्टॉल का किया अवलोकन मुख्यमंत्री ने महोत्सव में लगाए गए करीब 200 स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित आभूषण एवं ज्वेलरी उत्पादों की जानकारी ली और आभूषण निर्माताओं से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग यहां बेहतर तरीके से अपना व्यवसाय करें, उन्हें हर प्रकार की आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

कोटा से कोलकाता तक के आभूषण निर्माता महोत्सव में शामिल ज्वेलरी महोत्सव में कोटा, आगरा, सूरत, अहमदाबाद, नागपुर, मुंबई, लखनऊ और कोलकाता सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आभूषण निर्माता पहुंचे हैं। महोत्सव के जरिए आभूषण निर्माण और व्यापार से जुड़े लोगों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के साथ-साथ एक-दूसरे से संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रम के दौरान स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक राणा रणधीर सिंह, संस्थान के पदाधिकारी, आभूषण निर्माता और बड़ी संख्या में संबंधित क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।