चतरा: चतरा लोकसभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी डॉ. अभिषेक सिंह ने कहा कि चुनाव में हार का उन्हें कोई मलाल नहीं है। चुनाव के बाद भी उनका जुड़ाव चतरा की जनता से पहले की तरह बना हुआ है और वे हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति से ऊपर उठकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है।

चतरा में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. अभिषेक सिंह ने कहा कि वे चतरा लोकसभा क्षेत्र के लोगों को राजनीतिक जागरूकता के माध्यम से मजबूत बनाना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से वे लगातार जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही जिले में एक विशेष सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच नि:शुल्क धोती और साड़ी का वितरण किया जाएगा।
डॉ. अभिषेक सिंह ने कहा कि चतरा लंबे समय से राजनीतिक उपेक्षा का शिकार रहा है। जनता जिन जनप्रतिनिधियों को अपना प्रतिनिधि बनाकर संसद भेजती है, चुनाव के बाद वे क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाते। इसका खामियाजा वर्षों से चतरा की जनता भुगत रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में आज भी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दे पूरी तरह हल नहीं हो सके हैं। जनप्रतिनिधियों को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए ठोस पहल करनी चाहिए।
डॉ. अभिषेक सिंह ने कहा कि वे आगे भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को जारी रखेंगे और जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद करते रहेंगे।