Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

धनबाद में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट डिजे पर रोक से लेकर पंडालों की सुरक्षा तक सख्त नियम…

धनबाद: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात, बिजली, स्वास्थ्य व्यवस्था और विसर्जन को लेकर प्रशासन ने कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

एक नजर में बड़े फैसले

• पूजा पंडालों के लिए अग्निशमन, भवन प्रमंडल और विद्युत विभाग से NOC अनिवार्य।
• पंडालों में ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल पर रोक।
• हर प्रमुख पंडाल में इंटरनेट से जुड़े CCTV कैमरे लगाने का निर्देश।
• DJ पर पूरी तरह प्रतिबंध, लाउडस्पीकर के लिए तय समय और ध्वनि सीमा लागू।
• महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश-निकास और कतार की व्यवस्था।
• विसर्जन घाटों पर गोताखोर, नाव, बैरिकेडिंग और वॉच टावर की व्यवस्था।
• सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक पोस्ट पर साइबर सेल की निगरानी।
• अस्पतालों, CHC और PHC को आपात स्थिति के लिए अलर्ट रहने का निर्देश।
• महिला सुरक्षा के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और सादे कपड़ों में जवानों की तैनाती।
• उत्कृष्ट पूजा समितियों को ₹51 हजार तक का नकद पुरस्कार।
पंडाल बनाने से पहले लेना होगा NOC

प्रशासन ने सभी पूजा समितियों के लिए सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य कर दिया है। प्रत्येक समिति को नियमों के पालन को लेकर अंडरटेकिंग देना होगा। पंडाल निर्माण के लिए अग्निशमन विभाग, भवन प्रमंडल और विद्युत विभाग से NOC लेना जरूरी होगा।

पंडाल में नायलॉन, सिंथेटिक या अन्य ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। इसके अलावा अग्निशामक यंत्र, बालू की बाल्टियां और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी अनिवार्य होगी। बिजली गुल होने की स्थिति में इन्वर्टर या जेनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है।

भीड़ नियंत्रण और CCTV पर विशेष जोर

बड़े पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग कतार, बैरिकेडिंग, पर्याप्त वेंटिलेशन और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था करनी होगी।
पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में पहचान-पत्र वाले वॉलंटियर तैनात करने होंगे। वॉलंटियरों की सूची और उनके मोबाइल नंबर संबंधित थाने को उपलब्ध कराने होंगे।

DJ पर पूरी तरह प्रतिबंध

दुर्गा पूजा के दौरान DJ बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। पूजा पंडालों और विसर्जन जुलूस में DJ का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। लाउडस्पीकर का इस्तेमाल भी प्रशासन द्वारा निर्धारित समय और ध्वनि सीमा के भीतर ही किया जा सकेगा।

विसर्जन घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

विसर्जन स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। प्रमुख जलाशयों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। घाटों पर बैरिकेडिंग, नाव, प्रशिक्षित गोताखोर, वॉच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी।

सड़क और बिजली व्यवस्था होगी दुरुस्त

पूजा को देखते हुए पथ निर्माण विभाग और नगर निकाय के अधिकारियों को पूजा पंडालों तक जाने वाली सड़कों, मुख्य मार्गों और संपर्क सड़कों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, विद्युत विभाग को जर्जर और लटकते तारों के साथ खराब बिजली के पोलों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने को कहा गया है।

अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र रहेंगे अलर्ट

दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले के अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को तैयार रहने को कहा गया है।

जरूरी दवाओं, एंबुलेंस और अस्पतालों में बेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को ड्यूटी पर उपलब्ध रहने का निर्देश दिया गया है। जरूरत के अनुसार कुछ पूजा पंडालों में मेडिकल टीम भी तैनात की जाएगी।

महिला सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था

एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी निगरानी करेंगे। मनचलों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सतर्कता बरतने की अपील की है। बच्चों की जेब में नाम, पता और मोबाइल नंबर की पर्ची रखने, भीड़ में कीमती सामान और आभूषणों से बचने तथा दोपहिया वाहनों में डबल लॉक लगाने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से पूजा के दौरान अनावश्यक निजी वाहनों के इस्तेमाल से बचने की भी अपील की है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top