रांची: राजधानी रांची में तेज बारिश और आंधी के बीच शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। डोरंडा थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी के पास बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल बस पर अचानक पेड़ गिर गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक की सूझबूझ से बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे।
ब्रेक लगाकर चालक ने रोकी बस
जानकारी के अनुसार, तेज हवा और बारिश के दौरान स्कूल बस एजी मोड़ के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे लगा एक बड़ा पेड़ अचानक बस के ऊपर गिर गया। पेड़ गिरता देख चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस रोक दी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना की सूचना डोरंडा थाना पुलिस और रांची नगर निगम को दी गई। नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद रास्ता साफ कराकर स्कूल बस को आगे रवाना किया गया।
बारिश और आंधी से जनजीवन प्रभावित
पेड़ गिरने के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। हालांकि, हादसे में बस चालक और किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई।
रांची में पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश और आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित है। स्कूलों में परीक्षाएं चलने के कारण बच्चों को बारिश के बीच स्कूल जाना पड़ रहा है। एहतियात के तौर पर स्कूल प्रशासन ने बस चालकों को सावधानी से वाहन चलाने का निर्देश दिया है।