नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की अहम बैठक आयोजित होगी। दोपहर 3 बजे शुरू होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। राजनीतिक दृष्टि से इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

22 राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
बैठक में एनडीए शासित 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा गठबंधन के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। इस दौरान केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, सुशासन को मजबूत करने, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
कई केंद्रीय मंत्री भी रहेंगे मौजूद
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह सहित केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे। वहीं राज्यों की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कई प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे।
इसके अलावा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के शीर्ष नेताओं की भी बैठक में मौजूदगी रहने की संभावना है।
रणनीति और समन्वय पर रहेगा फोकस
सूत्रों के मुताबिक बैठक में केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल के साथ-साथ विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न राज्यों में चल रही योजनाओं को और प्रभावी बनाने तथा सुशासन से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है।
राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल के अवसर पर हो रही इस बैठक को एनडीए के शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ भविष्य की रणनीति तय करने वाले महत्वपूर्ण मंच के रूप में भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों, संगठनात्मक मजबूती और गठबंधन के बेहतर समन्वय को लेकर भी इस बैठक में अहम चर्चा हो सकती है।