रांची: रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस में सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के माध्यम से सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जिम्मेदार एवं ईमानदार कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ
कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों के स्वागत और पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम् और कोल इंडिया गीत की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की शपथ लेते हुए अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
सीसीएल सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती के लिए सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
वहीं, सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने स्वागत संबोधन में सतर्कता जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और पारदर्शी कार्यप्रणाली को संगठन की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है।
सतर्कता रथ और मार्च से दिया जागरूकता का संदेश
महोत्सव के दौरान सतर्कता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सतर्कता गुब्बारे छोड़े गए। इसके साथ ही दरभंगा हाउस में पिपरवार ओसीपी एवं माइन क्लोजर मॉडल का उद्घाटन किया गया। सतर्कता एवं सत्यनिष्ठा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ई-प्लेज बूथ की भी शुरुआत की गई।
इसके बाद सतर्कता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया और सतर्कता मार्च का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के जरिए कर्मचारियों और आम लोगों के बीच ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।
30 से अधिक कलाकारों ने दिखाई रचनात्मकता
सतर्कता जागरूकता महोत्सव के तहत लाइव पेंटिंग कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए 30 से अधिक कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। कलाकारों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को दर्शाया।
महोत्सव के पहले दिन रंगोली, स्ट्रीट पेंटिंग, पॉट पेंटिंग और लाइव पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इन गतिविधियों के जरिए सतर्कता और नैतिक मूल्यों के संदेश को रचनात्मक तरीके से लोगों तक पहुंचाया गया।
नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में महिला कर्मियों का सम्मान
सतर्कता जागरूकता महोत्सव के अंतर्गत सीसीएल मुख्यालय में ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह रहीं। अर्पिता महिला मंडल की सभी सदस्याएं विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रीति सिंह एवं महिला मंडल की सदस्याओं ने परिसर में आयोजित रंगोली, स्ट्रीट पेंटिंग, पॉट पेंटिंग और लाइव पेंटिंग का अवलोकन किया। उन्होंने कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए इन प्रस्तुतियों के माध्यम से दिए जा रहे सामाजिक एवं नैतिक संदेशों की प्रशंसा की।
इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन और गुब्बारे छोड़कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। भगवान गणेश वंदना और शिव वंदना की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग दिया। इस दौरान सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला कर्मियों को सम्मानित किया गया।
अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह ने कहा कि नारी शक्ति समाज और राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। महिलाओं की प्रतिभा, समर्पण और नेतृत्व क्षमता को सम्मान देना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सीसीएल की महिलाएं अपने कार्य और योगदान से संगठन को निरंतर मजबूत बना रही हैं।
समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध सीसीएल
सीसीएल प्रबंधन के अनुसार, सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में कंपनी नई पहलों के माध्यम से अपने कर्मियों और हितधारकों के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सतर्कता जागरूकता महोत्सव इसी दिशा में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, नैतिकता और जिम्मेदार कार्यसंस्कृति को मजबूत करने की पहल है।