रांची: झारखंड की राजधानी रांची में रविवार देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। कांके थाना क्षेत्र के गागी स्थित रिंग रोड पर विशाल हॉस्पिटल के सामने एचपी पेट्रोल पंप के पास अज्ञात अपराधियों ने रात करीब 11:40 बजे गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के चार खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
फायरिंग की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण एसपी, डीएसपी और कांके थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए। मौके से चार खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस अब फायरिंग के कारणों का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
शराब दुकान के आसपास लोगों का जमावड़ा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटनास्थल के सामने विशाल हॉस्पिटल है, जबकि दूसरी ओर शराब की दुकान स्थित है। लोगों का कहना है कि शराब दुकान के आसपास अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। हालांकि, फायरिंग की घटना का शराब दुकान या वहां जुटने वाले लोगों से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस आसपास के हालात और घटना से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। देर रात हुई इस फायरिंग से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस का प्रयास है कि घटना के पीछे की वजह का पता लगाकर आरोपियों की पहचान की जा सके।