सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में सोमवार सुबह एनएच-27 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। भपटियाही थाना क्षेत्र के झाझा गांव के पास पटना से जोगबनी जा रही देव ट्रेवल की बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस के खलासी भगीरथ झा (44) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, देव ट्रेवल की बस पटना से अररिया जिले के जोगबनी जा रही थी। सोमवार सुबह सरायगढ़ पंचायत के झाझा गांव के पास चालक दूसरी बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बस एनएच-27 पर खड़े पटाखे की सामग्री से लदे ट्रक से पीछे से टकरा गई। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री घायल हो गए।
खलासी की मौके पर मौत, छह यात्री गंभीर
हादसे में बस के खलासी भगीरथ झा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह करजाईन थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव के वार्ड संख्या-7 के रहने वाले थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं, हादसे में उत्तर प्रदेश के संभल निवासी जसपाल सिंह, सुपौल के वीरपुर निवासी जयशंकर कुमार सिंह, रिद्धि सिंह और अशोक कुमार, वैशाली के हाजीपुर निवासी अवधेश कुमार शर्मा तथा नीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद एनएचएआई की एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सरायगढ़-भपटियाही पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. लक्ष्मीकांत राय ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल जसपाल सिंह को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया गया।
बस चालक फरार, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस व ट्रक को जब्त कर लिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।