देवघर: भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को झारखंड के देवघर दौरे पर पहुंचे। उन्होंने एम्स देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया और मेडिकल के विद्यार्थियों को डिग्रियां व मेडल प्रदान किए। इसके बाद उपराष्ट्रपति दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट (BBMT) परिसर में आयोजित सैन्य संपर्क मेले में शामिल हुए। दोनों कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वह देवघर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।
एम्स के 11 मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान
एम्स देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान एमबीबीएस, नर्सिंग और एमडी-एमएस के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। समारोह में 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष सम्मान और पदक देकर पुरस्कृत किया गया।
उपराष्ट्रपति ने युवा डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से चिकित्सा क्षेत्र में उच्च नैतिक मूल्यों को बनाए रखने और देशसेवा के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने ग्रामीण, सुदूर और वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
ड्रोन से दवाइयां पहुंचाने की पहल की सराहना
उपराष्ट्रपति ने सुदूर और जनजातीय क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से दवाइयां और आपातकालीन चिकित्सा सामग्री पहुंचाने की एम्स देवघर की पहल की सराहना की। उन्होंने आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति के समन्वय पर भी जोर दिया।
सैन्य संपर्क मेले में सुरक्षा बलों के योगदान को सराहा
एम्स के कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर में आयोजित सैन्य संपर्क मेले में पहुंचे। यहां उन्होंने सुरक्षा बलों को संबोधित किया और देश की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की।
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वह देवघर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे के दौरान राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।