Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

रांची में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी से होगी निगरानी…

रांची: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

समाहरणालय के ब्लॉक-बी सभागार में आयोजित इस बैठक में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को दुर्गा पूजा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सभी पूजा पंडालों में CCTV से होगी निगरानी

बैठक में जिले के सभी संबंधित दुर्गा पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। साथ ही, पूजा पंडालों में तैनात पुलिस बल के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी जोर

प्रशासन ने दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा है। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी करने और किसी भी समस्या से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि दुर्गा पूजा रांची जिले का महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और धार्मिक पर्व है। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो। उन्होंने भरोसा जताया कि जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वित प्रयास से पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक शहर पारस राणा, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय समेत जिले के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top