अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह को मिला ‘झारखंड आईकॉनिक अवॉर्ड’, महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान की सराहना
रांची:
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए CCL की अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह को प्रतिष्ठित ‘झारखंड Iconic Award’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान महाबली एंटरटेनमेंट एवं ईस्ट जोन टैलेंट शो के आयोजक और निर्देशक की ओर से प्रदान किया गया।
समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल पांच विशिष्ट व्यक्तियों और संस्थाओं को इस सम्मान से नवाजा गया। अर्पिता महिला मंडल को शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक कार्यों के लिए यह सम्मान मिला।
जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग
अर्पिता महिला मंडल लंबे समय से जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए विभिन्न सामाजिक पहल चला रहा है। मंडल की ओर से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग किया जाता है। इसके अलावा स्कूल जाने वाली बालिकाओं और दैनिक मजदूरी करने वाली महिलाओं को साइकिल उपलब्ध कराई गई है, ताकि उनकी शिक्षा और रोजगार की राह आसान हो सके।
मंडल की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट, गर्मी के मौसम में जरूरतमंदों को कूलर और छोटे विक्रेताओं को रोजगार के लिए ठेले भी उपलब्ध कराए गए हैं।
महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर बनाया जा रहा आत्मनिर्भर
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अर्पिता महिला मंडल की ओर से सिलाई प्रशिक्षण भी दिया जाता है। प्रशिक्षण पूरा करने और प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद महिलाओं को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे वे घर से ही रोजगार शुरू कर सकें।
वहीं, महिलाओं और किशोरियों में मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वेंडिंग मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं।
सामूहिक प्रयासों का सम्मान : प्रीति सिंह
सम्मान मिलने पर अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह ने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि मंडल की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों की पहचान है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद वर्गों के सशक्तिकरण के लिए मंडल की सेवा गतिविधियां आगे भी जारी रहेंगी।
इस अवसर पर अर्पिता महिला मंडल की उपाध्यक्षा रीता मिश्रा, इंदु मिश्रा, रीता तिवारी समेत मंडल की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।