रांची: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 अक्टूबर को रांची आएंगे। उनके दौरे को लेकर झारखंड कृषि विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दौरान केंद्रीय प्रायोजित कृषि योजनाओं की प्रगति और किसानों से जुड़े विषयों की समीक्षा की जाएगी।
कृषि निदेशालय में हुई बैठक
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज की अध्यक्षता में कृषि निदेशालय में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं और विभागीय तैयारियों की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और योजनाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रखी जाए।
किसानों से जुड़ी योजनाओं पर होगी चर्चा
बैठक में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन और किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
कृषि निदेशक ने बताया कि 8 अक्टूबर को शिवराज सिंह चौहान और राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की केंद्र प्रायोजित कृषि योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करेंगे। इसे लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।