रांची: दुर्गापूजा 2026 के दौरान राज्य में विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक्शन प्लान तैयार करना शुरू कर दिया है। डीजीपी तदाशा मिश्र के निर्देश पर आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। इसके तहत राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कुल 6750 होमगार्ड जवानों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
गृह सचिव को भेजा गया प्रस्ताव
होमगार्ड जवानों की प्रतिनियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर गृह सचिव को भेज दिया गया है। इसके अलावा संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। पुलिस मुख्यालय का विशेष फोकस दुर्गापूजा के दौरान पूजा पंडालों, प्रमुख स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर है।
14 से 23 अक्टूबर तक संभालेंगे सुरक्षा की कमान
दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए होमगार्ड जवानों की तैनाती 14 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक की जाएगी। यानी अलग-अलग जिलों में जवान कुल 10 दिनों तक सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
रांची में सबसे ज्यादा 600 जवानों की तैनाती
जिला स्तर पर देखें तो रांची में सबसे ज्यादा 600 होमगार्ड जवानों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। हजारीबाग और जमशेदपुर में 500-500 जवान तैनात होंगे। धनबाद में 400 और गिरिडीह में भी 400 जवानों की तैनाती होगी।
लातेहार, चाईबासा, सरायकेला, गुमला, चतरा, बोकारो और गढ़वा में 300-300 होमगार्ड जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। लोहरदगा, सिमडेगा, पलामू और दुमका में 250-250 जवानों की तैनाती होगी।
रामगढ़ और कोडरमा में 200-200 जवान, जबकि साहिबगंज और पाकुड़ में भी 200-200 होमगार्ड जवान तैनात किए जाएंगे। खूंटी में 150 जवानों की प्रतिनियुक्ति होगी। देवघर, गोड्डा और जामताड़ा में 100-100 जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
पुलिस मुख्यालय की योजना के मुताबिक दुर्गापूजा के दौरान पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों में भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त बल की तैनाती की जाएगी।