सरायकेला: जिले के चौका थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) पर झाबरी गांव के पास कोलकाता से रांची जा रही शिवम बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कई यात्री घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
नींद में थे यात्री, अचानक पलट गई बस
हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि अधिकांश यात्री उस समय नींद में थे। अचानक तेज झटके के साथ बस पलट गई, जिसके बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।
पुलिस ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला
सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों समेत अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद NH-33 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।