पूर्वी चंपारण: बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री-सह-पूर्वी चंपारण जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार शुक्रवार सुबह बाढ़ प्रभावित संग्रामपुर अंचल के डुमरिया पंचायत स्थित बिश्रामपुर वार्ड नंबर 15 पहुंचे। उन्होंने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
मंत्री ने राहत शिविर में पीड़ितों से नाश्ता-भोजन, रहने, स्वास्थ्य सुविधाओं समेत अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी तरह की परेशानी न हो।
इसके बाद प्रभारी मंत्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय बिश्रामपुर पहुंचे और वहां बच्चों के पठन-पाठन की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में लगाए गए मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण किया। इस दौरान इलाज कराने पहुंची महिलाओं से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से कैंप में उपलब्ध दवाओं और इलाज की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली।
मंत्री ने विद्यालय में छात्रों के बीच किट का वितरण भी किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए यहां बेहतर व्यवस्था की गई है। इसके लिए जिला प्रशासन धन्यवाद का पात्र है, जिसने पूरी तत्परता के साथ राहत कार्यों को संचालित किया है।
श्रवण कुमार ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय जनता, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने मिलकर मानवता की मिसाल कायम की है। आपदा की स्थिति में एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का समय नहीं होता। ऐसे समय में सभी को कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की जरूरत होती है।
उन्होंने कहा कि अरेराज क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम लोगों ने मिलकर जिस तरह बाढ़ की चुनौती का सामना किया है, वह सामूहिक प्रयास और आपसी सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।