पटना,
बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग और सड़क निर्माण की बड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को समीक्षा बैठक की। लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में हुई बैठक में राज्य में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग और NHAI की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
समीक्षा बैठक में पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे, मुजफ्फरपुर-बरौनी फोरलेनिंग, डुमरिया घाट पुल, दरभंगा-सुपौल हाईवे, खगड़िया-पूर्णिया, मुजफ्फरपुर-सोनवर्षा सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा एनएच-22 और एनएच-31 के अनीसाबाद-दीदारगंज खंड में सर्विस रोड के साथ 6 लेन एलिवेटेड रोड, दानापुर-बिहटा कॉरिडोर, बिहटा-कोइलवर अपग्रेडेशन, वाराणसी-रांची-कोलकाता 6 लेन ग्रीनफील्ड हाईवे, आमस-दरभंगा, मुंगेर-मिर्जाचौकी, बाकरपुर-मानिकपुर-साहेबगंज कॉरिडोर, सीवान-मशरख, पटना-आरा-सासाराम फोरलेन कॉरिडोर, सिक्स लेन गंगा ब्रिज और पटना रिंग रोड पर भी चर्चा हुई।
बैठक में एनएच-139 को औरंगाबाद एवं अम्बा बाईपास के साथ फोरलेन बनाने तथा एनएच-333 के बरियारपुर-गंगटा-जमुई खंड को फोरलेन करने के लिए डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने और निर्माण से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने पर जोर दिया।
सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सख्ती
बैठक में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। परियोजनाओं की निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं करने वाले संवेदकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बिहार की गाद नीति की सराहना
सड़क निर्माण में नदी की गाद (सिल्ट) के उपयोग के लिए बिहार सरकार की ओर से बनाई गई नीति की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सराहना की। उन्होंने इस पहल को पूरे देश के लिए मॉडल बताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस नीति के जरिए सड़क निर्माण में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने और निर्माण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार में सड़क संपर्क और आवागमन बेहतर होगा तथा व्यापार, पर्यटन, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने केंद्र सरकार की सड़क परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत राज्य सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।