Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

विक्रमशिला पुल पर आवागमन बंद भागलपुर नवगछिया के बीच आज से चलेंगे जहाज

भागलपुर: विक्रमशिला पुल पर बुधवार रात से वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। पुल बंद रहने की अवधि में भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन के लिए जलमार्ग को वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर तैयार किया गया है। प्रशासन की ओर से करीब तीन महीने तक 12 जहाजों के संचालन की व्यवस्था की गई है।

जहाज सेवा गुरुवार सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। सेवा शुरू होने से पहले जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एफएम मॉल के पास से मिलेगी जहाज सेवा

भागलपुर की ओर से जहाज सेवा बियाडा क्षेत्र में एफएम मॉल के बगल से संचालित की जाएगी। यात्रियों के लिए यहां टिकट काउंटर बनाया गया है। टिकट लेने के बाद यात्रियों को निर्धारित कतार में खड़ा होना होगा और फिर क्रमवार तरीके से जहाज पर सवार कराया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि यात्रियों के चढ़ने और उतरने के दौरान भीड़ न हो, इसके लिए मौके पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है। पुलिस बल की भी तैनाती की गई है, जो भीड़ नियंत्रण के साथ मौके की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालेगा।

रात में भी जहाज चलाने की मांग


जहाज सेवा फिलहाल सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई है। हालांकि स्थानीय लोगों ने रात में भी जहाज चलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कोसी और सीमांचल के कई इलाकों से लोग इलाज, कारोबार और दूसरे जरूरी कामों के लिए भागलपुर आते-जाते हैं। ऐसे में रात के समय भी जल परिवहन की सुविधा मिलने से लोगों को राहत मिल सकती है।

मेडिकल कैंप और रसोई की व्यवस्था

यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को देखते हुए जहाज सेवा स्थल पर मेडिकल कैंप भी बनाया गया है। किसी यात्री की तबीयत खराब होने पर मौके पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।
इसके अलावा यात्रियों के लिए रसोई दीदी का किचन भी संचालित किया जाएगा, ताकि लंबे समय तक यात्रा करने वाले लोगों को खाने-पीने की सुविधा मिल सके।

मालवाहक वाहनों के लिए अलग इंतजाम

बड़ी और मालवाहक गाड़ियों के लिए प्रशासन ने अलग व्यवस्था की है। ऐसे वाहनों को बाबूपुर मोड़ से कार्गो जहाज के जरिए नदी पार कराया जाएगा। इसका उद्देश्य जरूरी सामान की आपूर्ति और मालवाहक वाहनों की आवाजाही को जारी रखना है।

करीब तीन महीने तक रहेगी वैकल्पिक व्यवस्था

जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बताया कि बेली ब्रिज पर बुधवार रात 12 बजे वाहनों का परिचालन बंद किया गया है। इसके बाद गुरुवार सुबह 6 बजे से भागलपुर और नवगछिया के बीच जहाज सेवा शुरू की जा रही है। करीब तीन महीने तक चलने वाली इस वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए यात्रियों और मालवाहक वाहनों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया है।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top