Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

बैंक हड़ताल टली आज से खुले रहेंगे बैंक इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की बातचीत के बाद बनी सहमति…

नई दिल्ली: देशभर के बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल टल गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बैठक के बाद हड़ताल स्थगित करने पर सहमति बनी। ऐसे में सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहेगा।

पांच दिन के बैंकिंग वीक पर बनेगी कमेटी

UFBU की ओर से 27 सितंबर की रात जारी सर्कुलर के मुताबिक, सभी शनिवार को छुट्टी किए जाने की मांग पर चर्चा के लिए IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। समिति सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद समाधान तलाशेगी।

पांच दिन का बैंकिंग वीक लंबे समय से बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में शामिल है। इसके तहत शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश देने की मांग की जा रही है।

PLI स्कीम पर भी होगी चर्चा

हड़ताल टालने के फैसले में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए Performance Linked Incentive (PLI) स्कीम भी प्रमुख मुद्दा रहा। UFBU और IBA के बीच इस मामले पर आगे चर्चा शुरू करने पर सहमति बनी है। यूनियनों की आपत्तियों को देखते हुए IBA सरकार के सामने बदलाव का प्रस्ताव रखने पर विचार करेगा।

बाकी लंबित मुद्दों पर भी बातचीत

UFBU के सर्कुलर के मुताबिक, 8 मार्च 2024 के समझौते के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी जल्द समाधान के लिए बातचीत की जाएगी। इन मुद्दों पर चर्चा को आगे बढ़ाने के फैसले के बाद यूनियनों ने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति जताई।

ग्राहकों को राहत

हड़ताल टलने से 28 से 30 सितंबर के बीच बैंक शाखाओं में कामकाज बाधित होने की आशंका फिलहाल खत्म हो गई है। आज यानी 28 सितंबर को बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। इससे महीने के अंत में होने वाले बैंकिंग और कारोबारी कामकाज को राहत मिलेगी

बता दें कि इससे पहले UFBU ने पांच दिन के बैंकिंग वीक समेत विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। रविवार रात IBA के साथ हुई बैठक के बाद इसे स्थगित करने का फैसला लिया गया।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top