पलामू: झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित पतरिया खुर्द में करमा पूजा विसर्जन के दौरान कोयल नदी में डूबे पांचवें बच्चे का शव भी बरामद कर लिया गया है। लापता हेमंत कुमार का शव शुक्रवार को करीब 48 घंटे बाद गढ़वा के बेलचंपा इलाके से मिला।
एनडीआरएफ और पुलिस के संयुक्त अभियान में बरामद हुआ शव
बुधवार को करम डाल विसर्जन के दौरान पांच लड़के कोयल नदी में डूब गए थे। इनमें से चार के शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर के दायरे में बरामद कर लिए गए थे, जबकि हेमंत कुमार की तलाश जारी थी।
पलामू जिला प्रशासन ने खोजबीन के लिए एनडीआरएफ की टीम को तैनात किया था। गुरुवार से चल रहे तलाशी अभियान के दौरान शुक्रवार को पुलिस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने गढ़वा के बेलचंपा इलाके से हेमंत का शव बरामद किया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में डूबे थे पांचों दोस्त
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी के अनुसार, हेमंत कुमार का शव बेलचंपा क्षेत्र से बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
बताया गया है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांचों बच्चे दोस्त थे और एक ही गांव व मोहल्ले के रहने वाले थे। करम डाल विसर्जन के दौरान एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में सभी नदी में डूब गए थे। शव बरामद होने के बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।