रांची: त्योहारों के मौसम को देखते हुए झारखंड सरकार ने गरीब परिवारों के बीच वस्त्र वितरण की तैयारी शुरू कर दी है। सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में राज्य के करीब 68 लाख लाभुक परिवारों को 10 रुपये में धोती, साड़ी या लूंगी उपलब्ध कराई जाएगी।
अक्टूबर में शुरू हो सकता है वितरण
खाद्य एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय ने सभी जिलों के उपायुक्तों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। जिलों को आपूर्ति आदेश तैयार करने और पिछले वित्तीय वर्ष के बचे हुए वस्त्रों का हिसाब मिलाकर नई मांग भेजने को कहा गया है। ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज वितरण रिपोर्ट के आधार पर शेष साड़ी, धोती और लूंगी की संख्या नए आवंटन से घटाई जाएगी। सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो अक्टूबर में वस्त्रों का वितरण शुरू हो सकता है।
प्रत्येक परिवार को मिलेगी एक साड़ी और धोती या लूंगी
योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS) के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक लाभुक परिवार को एक साड़ी और एक धोती या लूंगी दी जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में वस्त्रों की आपूर्ति मेसर्स मफतलाल इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा की जाएगी। वस्त्रों की गुणवत्ता की जांच के बाद ही लाभुकों के बीच वितरण किया जाएगा।
10 रुपये में मिलेगा वस्त्र
लाभुकों को पीडीएस दुकानदार के माध्यम से 10 रुपये में धोती, साड़ी या लूंगी उपलब्ध कराई जाएगी। इस राशि का वितरण इस प्रकार होगा:
• 1 रुपया: डीलर कमीशन
• 2 रुपये: परिवहन खर्च
• 7 रुपये: जिला आपूर्ति पदाधिकारी के कार्यालय में जमा
सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब परिवारों को पर्व-त्योहारों के दौरान आवश्यक वस्त्र उपलब्ध कराना है।