भागलपुर: करमा-धरमा पर्व के मौके पर सोमवार सुबह सुलतानगंज थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। उधाडीह पंचायत के तरैटा बहियार स्थित पोखर में स्नान करने गए छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। सभी की उम्र करीब 10 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
एक बच्चे को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, करमा-धरमा पर्व के दौरान बच्चे पोखर में स्नान करने गए थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अन्य बच्चे भी पानी में उतर गए। देखते ही देखते छह बच्चे गहरे पानी में डूब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पांच बच्चे सुलतानगंज और एक सबौर के रहने वाले
मृतकों की पहचान ज्योति कुमारी, पिता धनंजय मंडल, निवासी रजंदीपुर, सबौर; मीनाक्षी कुमारी, पिता वाल्मीकि मंडल; आयुष कुमार, पिता विनोद मंडल; राहुल कुमार, पिता पूरब मंडल; पूजा कुमारी, पिता पूरन मंडल और विकास कुमार, पिता रंजन कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया कि छह मृतकों में पांच बच्चे विष्णुटोला, नगर परिषद सुलतानगंज के वार्ड 27 के निवासी थे। वहीं, ज्योति कुमारी सबौर के रजंदीपुर की रहने वाली थी।
पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजे गए शव
हादसे के बाद सभी छह बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिए गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
पर्व की खुशियां मातम में बदलीं
करमा-धरमा पर्व को लेकर जिन घरों में सुबह से उत्साह और खुशियां थीं, वहां हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। एक साथ छह बच्चों की मौत से गांव और आसपास का इलाका गहरे शोक में डूब गया। पर्व के गीतों की जगह परिजनों के रोने की आवाजें सुनाई देती रहीं।