पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर पटना में जगमगाया ‘आशीर्वाद का दीया’, CM सम्राट चौधरी ने की स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना
जेपी गंगा पथ पर दीप प्रज्वलित कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, बाढ़ पीड़ितों से मिले मुख्यमंत्री; सामुदायिक रसोई, चिकित्सा शिविर और राहत व्यवस्था का लिया जायजा
पटना, 17 सितंबर 2026:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा पटना हवाई अड्डे में आयोजित कार्यक्रमों में भी सहभागिता की। पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें कलाकारों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान गंगा आरती भी की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पद्मश्री डॉ. आर.एन. सिंह, पद्मश्री डॉ. शांति राय, पद्मश्री डॉ. विजय प्रकाश और पद्मश्री डॉ. जे.के. सिंह को अंगवस्त्र एवं हरित पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
लोक सेवक आवास में भी जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’
मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन, राष्ट्र निर्माण के संकल्प और जनसेवा की यात्रा सभी के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करना अभियान का उद्देश्य है।
बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जेपी गंगा पथ स्थित बिंद टोली में जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से संचालित सामुदायिक रसोई केंद्र का निरीक्षण किया।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की व्यवस्था, गुणवत्ता और उपलब्धता की जानकारी ली तथा बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच डिग्निटी किट और स्वास्थ्य जांच कार्ड का वितरण किया। इसके साथ ही बाढ़ के दौरान मृत व्यक्ति के आश्रित को सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया।
चिकित्सा शिविर का भी किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने बिंद टोली में लगाए गए चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं सहायता कार्यों को प्रभावी ढंग से जारी रखने को कहा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय गुप्ता, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा, सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचन्द्र देवरे, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ को लोगों के स्नेह और आशीर्वाद की विशेष अभिव्यक्ति बताते हुए इसके लिए आभार व्यक्त किया।