Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

महाकाल की भस्म आरती में लीन दिखे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन बोले बाबा का बुलावा आया और मैं चला आया…

उज्जैन: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन पहली बार उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने शुक्रवार तड़के बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पारंपरिक परिधान में मंदिर पहुंचे नितिन नबीन करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन करते रहे।

नितिन नबीन के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल और सांसद अनिल फिरोजिया भी मौजूद रहे। सुबह करीब 4 बजे सभी बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे।

दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठे, शिव आराधना में दिखे लीन

भस्म आरती के दौरान नितिन नबीन नंदी हॉल में बैठे रहे और बाबा महाकाल के राजा स्वरूप में हुए श्रृंगार के दर्शन किए। उन्होंने पूजन-अर्चन और आरती में भी हिस्सा लिया। मंदिर परिसर में इस दौरान धार्मिक माहौल के बीच वे काफी देर तक शिव आराधना में लीन नजर आए।

दर्शन के बाद मंदिर समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया। कलेक्टर एवं मंदिर समिति अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह और प्रशासक प्रथम कौशिक ने नितिन नबीन और हेमंत खंडेलवाल को बाबा महाकाल का स्मृति चिन्ह भेंट किया। दोनों को लड्डू प्रसाद भी दिया गया।

पीली धोती और पारंपरिक परिधान में पहुंचे BJP अध्यक्ष

महाकाल मंदिर में नितिन नबीन का पारंपरिक अंदाज भी चर्चा में रहा। भस्म आरती के लिए वे पीले रंग की धोती और पारंपरिक सोला-परिधान में नजर आए। मंदिर पहुंचने से पहले वे उज्जैन स्थित सम्राट विक्रमादित्य हेरिटेज होटल में ठहरे थे।

नितिन नबीन ने क्या कहा?

दर्शन के बाद नितिन नबीन ने बाबा महाकाल के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि महाकाल की नगरी में आकर मिलने वाली खुशी को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने बाबा महाकाल से देश की सुख-समृद्धि की कामना करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली उज्जैन यात्रा है और वे बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने के लिए यहां आए हैं। उनके अनुसार, “बाबा का बुलावा आया और मैं चला आया।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी प्रार्थना करने की बात कही और उनके लंबे जीवन, स्वास्थ्य तथा देश के विकास कार्यों के निरंतर आगे बढ़ने की कामना की।

रामघाट पर ‘आशीर्वाद दीप’ कार्यक्रम में भी हुए शामिल

उज्जैन पहुंचने के बाद नितिन नबीन ने रामघाट पर आयोजित ‘आशीर्वाद दीप’ कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी कार्यक्रम से जुड़ी अपनी बात साझा की। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ता रहे, यही उनकी कामना है।

दो दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे पर हैं नितिन नबीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इन दिनों दो दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे पर हैं। 17 सितंबर को उन्होंने इंदौर और उज्जैन में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उज्जैन में उन्होंने साधु-संतों से मुलाकात की और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ शिप्रा नदी के किनारे आयोजित दीप उत्सव में भी शामिल हुए।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top