Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

धोनी की पाठशाला का शिखर अब इरानी ट्रॉफी में पंत सरफराज के साथ दिखाएंगे दम रांची के शिखर मोहन ने छुआ नया शिखर…

धोनी के स्कूल जेवीएम श्यामली का ‘लाल’ शिखर मोहन का बड़ा धमाका, इरानी ट्रॉफी के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम में चयन

रांची। क्रिकेट के मैदान से झारखंड के लिए एक बार फिर गौरव की खबर सामने आई है। जवाहर विद्या मंदिर (जेवीएम), श्यामली के पूर्व छात्र और युवा क्रिकेटर शिखर मोहन का प्रतिष्ठित इरानी ट्रॉफी के लिए 15 सदस्यीय रेस्ट ऑफ इंडिया टीम में चयन हुआ है। शिखर के चयन की खबर मिलते ही जेवीएम श्यामली परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई।

बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्लो लेफ्ट-आर्म स्पिनर शिखर मोहन बतौर बैटिंग ऑलराउंडर घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभाव छोड़ रहे हैं। बल्ले से शानदार पारियां खेलने के साथ-साथ गेंद से भी उन्होंने टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने रेस्ट ऑफ इंडिया टीम में अपनी जगह बनाई है।

अब इरानी ट्रॉफी में शिखर को ऋषभ पंत और सरफराज खान जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा। उनके चयन को झारखंड के घरेलू क्रिकेट में लगातार मजबूत हो रही नई प्रतिभाओं की उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

अंडर-19 में संभाली थी झारखंड की कप्तानी

शिखर मोहन ने 2022 में जेवीएम श्यामली से 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी। स्कूल के दिनों से ही उन्होंने क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का परिचय देना शुरू कर दिया था। सत्र 2022-23 में उन्हें वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए झारखंड मेंस अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया था।

इसके बाद घरेलू क्रिकेट के विभिन्न मंचों पर शिखर ने अपने प्रदर्शन से लगातार प्रभावित किया। उन्होंने झारखंड प्रीमियर लीग, रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी, ईस्ट ज़ोन और दलीप ट्रॉफी में बल्ले से शतक और अर्धशतक लगाए, जबकि गेंद से भी महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

धोनी के स्कूल से एक और क्रिकेटर की बड़ी उड़ान

जेवीएम श्यामली की पहचान भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से भी जुड़ी रही है। धोनी ने इसी विद्यालय में अपने क्रिकेट करियर की शुरुआती पारी को आकार दिया था। अब शिखर मोहन के इरानी ट्रॉफी के लिए चयन से विद्यालय के क्रिकेट इतिहास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।

विद्यालय के प्राचार्य बी. एन. झा ने शिखर के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय और झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शिखर ने अपनी मेहनत और प्रदर्शन से यह मुकाम हासिल किया है और विद्यालय को उम्मीद है कि वह आने वाले समय में भी इसी तरह आगे बढ़ेंगे।

वरीय शारीरिक शिक्षक डॉ. मोती प्रसाद ने भी शिखर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिखर में रनों की भूख और विकेट लेने का जुनून है। स्कूल के मैदान से शुरू हुआ उनका सफर अब बड़े घरेलू क्रिकेट मंच तक पहुंच गया है।

जेवीएम श्यामली में जश्न का माहौल

शिखर के रेस्ट ऑफ इंडिया टीम में चयन की खबर मिलते ही जेवीएम श्यामली परिसर में उत्सव का माहौल बन गया। शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी। विद्यालय परिवार ने शिखर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके चयन को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।

शिखर मोहन का इरानी ट्रॉफी के लिए चयन उनके अब तक के क्रिकेट सफर में एक अहम पड़ाव है। रांची से शुरू हुआ उनका सफर अब राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित घरेलू मुकाबले तक पहुंच चुका है।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top