हाजीपुर: वैशाली जिले में 8 सितंबर 2026 को नदी में नाव पलटने की घटना सामने आई। हादसे में कुल 11 लोग प्रभावित हुए। घटना की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और अपनी निगरानी में स्थानीय गोताखोरों तथा SDRF की टीम के माध्यम से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
प्रशासन के अनुसार, हादसे में प्रभावित 11 लोगों में से 9 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। इनमें से 3 लोगों को अस्पताल में उपचार के बाद सुरक्षित घोषित कर दिया गया। वहीं, सर्पदंश से प्रभावित एक अन्य व्यक्ति की भी अस्पताल में इलाज के बाद स्थिति स्थिर और सुरक्षित बताई गई है।
एक का शव बरामद, एक अब भी लापता
नाव हादसे के दौरान लापता हुए चंदन कुमार, पिता सत्येंद्र साह, निवासी तेरसिया, वैशाली का शव SDRF की टीम ने बरामद कर लिया है। वहीं दीपक राय, पिता राजू राय, निवासी तेरसिया अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश में SDRF, वैशाली की टीम द्वारा नदी में लगातार खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहा है और आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा गया है।
प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
गंगा और अन्य सहायक नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से नदियों, पोखरों, जलजमाव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने को कहा है।
नदी पार करने या आवागमन के लिए केवल प्रशासन द्वारा निबंधित एवं फिट घोषित नाव का इस्तेमाल करने, नाव पर लाइफ जैकेट पहनने और निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को नाव पर सवार नहीं करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने तेज बहाव वाली नदियों और गहरे पानी में स्नान या तैराकी से बचने की भी सलाह दी है। साथ ही सूर्यास्त के बाद और तेज आंधी-तूफान के दौरान नाव का परिचालन नहीं करने को कहा गया है।बाढ़ के पानी, पुल-पुलिया या तेज बहाव वाले स्थानों के किनारे सेल्फी, रील या किसी तरह का स्टंट करने से भी बचने की अपील की गई है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर दें सूचना
किसी भी आपदा, नाव दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष, नजदीकी अंचल कार्यालय या थाना को देने की अपील की गई है।
जिला नियंत्रण कक्ष:06224-260233 / 06224-260234
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौजूदा परिस्थितियों में पूरी सतर्कता बरतें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। आपकी सतर्कता और सावधानी ही आपकी सुरक्षा है।