Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

मोतिहारी में बंद चीनी मिल फिर होगी शुरू बरियारपुर में बनेगा मेडिकल कॉलेज

पटना/मोतिहारी: 1 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित बापूधाम महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पूर्वी चंपारण जिले को करीब 285 करोड़ रुपये की 145 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कई नई परियोजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि मोतिहारी में बंद पड़ी चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की दिशा में जल्द काम शुरू किया जाएगा।

बापूधाम महोत्सव का आयोजन पर्यटन विभाग की ओर से किया जा रहा है, जो 3 सितंबर तक चलेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया।

मोतिहारी को मिलेंगी कई बड़ी सौगातें

मुख्यमंत्री ने मोतिहारी और पूर्वी चंपारण के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा, जबकि मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण जल्द शुरू होगा।

पीपराकोठी में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय को अब आम लोगों की मांग पर बरियारपुर में स्थापित किया जाएगा। वहीं, नेहरू स्टेडियम में वर्तमान में संचालित केंद्रीय विद्यालय की जगह इंडोर स्टेडियम बनाने की योजना है।

इसके अलावा मत्स्य समृद्धि क्लस्टर और फिश प्रोसेसिंग प्लांट, तेतरिया के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क और मोतिहारी में अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मोतिहारी में मौजूदा मदर डेयरी से भी बड़ी मदर डेयरी स्थापित करने की योजना की जानकारी दी।

बंद चीनी मिल को फिर शुरू करने की तैयारी

मोतिहारी की बंद चीनी मिल को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि चीनी मिल को पुनः शुरू करने की दिशा में कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इससे क्षेत्र में उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मोतीझील के किनारे बनेगा ‘मरीन ड्राइव’

मोतिहारी के मोतीझील क्षेत्र के विकास के लिए भी बड़ी योजना सामने आई है। रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर और अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक सड़क एवं नाला निर्माण कराया जाएगा। इसे स्थानीय स्तर पर ‘मरीन ड्राइव’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

इसके साथ ही अरेराज मंदिर तक जाने वाली प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा। मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ समेत कई अन्य प्रमुख सड़कों के विकास की भी घोषणा की गई।

बिहार में खुलेगा NSD का नया कैंपस

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार की सहमति मिल गई है। बिहार सरकार NSD कैंपस के लिए उपयुक्त जमीन उपलब्ध कराएगी और भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक NSD कैंपस बनने से बिहार के युवा कलाकारों को राज्य में ही पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट और शोध के बेहतर अवसर मिलेंगे।

सहयोग शिविर में सुनीं लोगों की समस्याएं

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। विभिन्न विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने आम लोगों और आवेदकों की समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभियान बसेरा के तहत लाभुकों को बासगीत पर्चा और मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल भी प्रदान की।

इस दौरान 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से आर्थिक सहयोग के लिए करीब 211 करोड़ रुपये की सांकेतिक राशि जीविका दीदियों को प्रदान की गई।

7 लाख से अधिक आवेदन, 96 फीसदी का निष्पादन

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए सहयोग कार्यक्रम शुरू किया गया है। अब तक करीब 7 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 96 प्रतिशत से अधिक मामलों का निष्पादन किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि बिहार में एक करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले दो महीनों में ही करीब 35 लाख लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया है।

2030 से पहले रोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। 2030 के चुनाव से पहले एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की बात उन्होंने कही।

उन्होंने मछली उत्पादन, महिला रोजगार और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने की योजनाओं का भी जिक्र किया। जीविका से जुड़ी महिलाओं को पशु सखी के रूप में गाय-बकरी पालन से जोड़ने और महिलाओं को स्टार्टअप के माध्यम से दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की योजना की जानकारी दी।

छात्राओं और शिक्षा को लेकर भी बड़े ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पीएचडी करने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 4,600 है। छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएचडी छात्राओं को चार वर्षों तक हर महीने 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य में 700 मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं, जहां ऑनलाइन शिक्षकों की सुविधा के साथ जेईई और नीट की तैयारी की व्यवस्था भी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 जुलाई 2026 को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू कराई गई, जिससे विद्यार्थियों को प्रखंड स्तर पर ही उच्च शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी।

बाढ़ और सिंचाई को लेकर भी सरकार गंभीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंडक, कोसी, बागमती और गंगा नदियों के जलस्तर में वृद्धि से बिहार के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। सरकार बाढ़ और जल प्रबंधन के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 तक बिहार में करीब 21 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी, जो अब बढ़कर लगभग 44 लाख हेक्टेयर हो गई है।

मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और रक्सौल में एयरपोर्ट की दिशा में काम चल रहा है। रक्सौल में जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। वहीं, मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने की भी योजना है।

पूर्वी चंपारण में चिरैया में एथलेटिक्स ट्रैक, लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज का जीर्णोद्धार और मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल संरचना के विकास की योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

चंपारण की विरासत को दुनिया तक पहुंचाएगा बापूधाम महोत्सव

मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह को याद करते हुए कहा कि गांधी जी ने चंपारण के किसानों को नील की खेती और अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। बापूधाम महोत्सव चंपारण की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और सांसद राधा मोहन सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top