पटना: बिहार के युवा कलाकारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य में अब राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) का नया कैंपस स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने बिहार में NSD कैंपस खोलने को सहमति दे दी है।
केंद्र की सहमति मिलने पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि NSD कैंपस की स्थापना से बिहार की समृद्ध नाट्य और प्रदर्शन कला परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

राज्य में ही मिलेगा पेशेवर प्रशिक्षण
NSD कैंपस शुरू होने के बाद बिहार के युवा कलाकारों को अभिनय, स्टेजक्राफ्ट, प्रदर्शन कला और उन्नत शोध का प्रशिक्षण राज्य में ही मिल सकेगा। इससे प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रशिक्षण के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत भी कम होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की लोक नाट्य और प्रदर्शन कला की अपनी विशिष्ट परंपरा रही है। NSD कैंपस के जरिए लोक नाट्य परंपराओं और आधुनिक रंगमंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।
जमीन और निर्माण लागत में राज्य की भागीदारी
NSD कैंपस के लिए बिहार सरकार उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी। साथ ही भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश भी बिहार सरकार वहन करेगी। कैंपस की जल्द स्थापना के लिए राज्य सरकार जरूरी प्रशासनिक कार्रवाई और सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पहले से बिहार संगीत नाट्य अकादमी के माध्यम से नाट्य कलाओं के संरक्षण और संवर्धन का काम किया जा रहा है। NSD का कैंपस इस प्रयास को और मजबूती देगा।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक नए संस्थान की स्थापना नहीं, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत और युवा प्रतिभाओं के भविष्य में निवेश है। केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयास से बिहार को राष्ट्रीय रंगमंच के मानचित्र पर और मजबूत पहचान मिलने की उम्मीद है।