Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

कोडरमा में भीषण सड़क हादसा बोल बम श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक में जोरदार टक्कर तीन की मौत तीस से ज्यादा घायल…

सतगावां/कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले से शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास नेपाल से आए बोल बम श्रद्धालुओं से भरी बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सफारी ट्रेवल्स की बस में नेपाल के रौतहट जिले के श्रद्धालु सवार थे। श्रद्धालु देवघर और बासुकीनाथ में पूजा-अर्चना करने के बाद राजगीर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पोखरडीहा मोड़ के पास बस और ट्रक की सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ सतगावां थाना पुलिस पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।

बच्चे समेत 3 की मौत, 30 से ज्यादा घायल

हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में 12 वर्षीय शिवम कुमार, पिता राजेश यादव भी शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे में कई यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।

पुलिस और ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सतगावां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर किया गया है।

हादसे की जांच में जुटा प्रशासन

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और कम दृश्यता को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

श्रावणी यात्रा के बीच दर्दनाक हादसा

देवघर और बासुकीनाथ से पूजा-अर्चना कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को सूचना देने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top