JPSC प्रकरण पर जयराम महतो ने उठाई CBI-ED जांच की मांग
‘एक नियुक्ति के बदले लाखों का लेनदेन, तो अरबों का खेल!’
सरकार और छात्रों के बीच वार्ता नहीं होने पर जताई नाराजगी
जयराम बोले- कुछ घंटे की बातचीत से निकल सकता है समाधान
‘सरकार को छात्रों की सभी समस्याओं की जानकारी है’

रांची: जेपीएससी प्रकरण को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो ने सरकार पर निशाना साधते हुए मामले की जांच सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कराने की मांग की है। विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह एक नियुक्ति के बदले लाखों रुपये के लेनदेन की बात सामने आ रही है, उससे पूरे मामले में बड़े पैमाने पर आर्थिक गड़बड़ी की आशंका है।
जयराम महतो ने कहा कि अगर एक नियुक्ति के लिए लाखों रुपये के लेनदेन का मामला सामने आया है, तो यह अरबों रुपये के खेल की ओर इशारा करता है। ऐसे में मामले की जांच सिर्फ एक एजेंसी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ईडी को भी इसकी जांच करनी चाहिए।
वहीं, सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच अब तक वार्ता नहीं होने पर भी जयराम महतो ने नाराजगी जताई। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं की पूरी जानकारी है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार और छात्रों के बीच कुछ घंटे भी गंभीर बातचीत हो जाए, तो समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है।
जयराम महतो ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और जल्द वार्ता शुरू करने की मांग की है।