
रांची:झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने वरिष्ठ विधायक सरयू राय से रांची के क्यूरेस्टा अस्पताल में मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधानसभा सत्र के दौरान सरयू राय की अनुपस्थिति पर जानकारी लेने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद स्वास्थ्य मंत्री उनसे मिलने पहुंचे।

डॉ. इरफान अंसारी ने चिकित्सकों से बातचीत कर सरयू राय के बेहतर इलाज की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरयू राय उनके लिए सिर्फ एक वरिष्ठ विधायक नहीं, बल्कि अभिभावक समान हैं। उन्होंने हमेशा मार्गदर्शन, स्नेह और प्रेरणा दी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरयू राय झारखंड की राजनीति के सबसे अनुभवी, सिद्धांतवादी और निर्भीक नेताओं में से हैं। विधानसभा में वे हमेशा तथ्यों के साथ जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते हैं और जवाब मिलने तक लगातार सवाल करते रहते हैं।

डॉ. इरफान अंसारी ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि सरयू राय जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर विधानसभा लौटें, क्योंकि उनके अनुभव और मार्गदर्शन की राज्य और जनता को हमेशा आवश्यकता रहेगी।