रांची: राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक स्थित चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति ने आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ कर दिया। बुधवार को समिति की ओर से भूमि पूजन एवं खूंटी पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

पूजन के साथ ही इस वर्ष के भव्य दुर्गा पूजा पंडाल के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनने वाला भव्य एवं आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही दर्शनार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस रहेगा।

समिति का कहना है कि दुर्गा पूजा महोत्सव को इस बार भी भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य शुरू कर दिया गया है।समिति ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव में बढ़-चढ़कर शामिल होने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।