रांची: झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र की शुरुआत से एक दिन पहले बुधवार को विधानसभा परिसर में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

बैठक में 6 अगस्त से शुरू होने वाले झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप सदन की कार्यवाही चलाने पर सभी दलों के बीच विचार-विमर्श हुआ।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और सुचारू ढंग से चलाने में सकारात्मक सहयोग देने की अपील की। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र 6 अगस्त से 12 अगस्त तक चलेगा। इस सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण विधायी और जनहित से जुड़े मुद्दे सदन में रख सकती है, जबकि विपक्ष भी विभिन्न जनसरोकार के विषयों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।