रांची: विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त से 12 अगस्त तक आयोजित होगा। इससे पहले सदन के सुचारु और सफल संचालन को लेकर विधानसभा सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने की, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि पिछले विधानसभा सत्र में जहां-जहां कमियां या चुनौतियां सामने आई थीं, उन सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई है। इस बार कोशिश रहेगी कि सदन की कार्यवाही पूरी तरह व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और प्रभावी ढंग से संचालित हो।
उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सहयोग से सदन का संचालन बेहतर तरीके से किया जाएगा। यदि किसी सदस्य को किसी प्रकार की शिकायत या सुझाव है तो उस पर भी चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा, ताकि सत्र के दौरान किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।

विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि सरकार की ओर से लाए जाने वाले सभी विधेयकों और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को समय पर सदन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार का मानसून सत्र सार्थक चर्चा और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक बहस के लिए जाना जाएगा।