नई दिल्ली: अगस्त महीने के पहले ही दिन महंगाई के मोर्चे पर राहत भरी खबर आई है। सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये से अधिक की कटौती की है। नई दरें 1 अगस्त 2026 से पूरे देश में लागू हो गई हैं। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।

दिल्ली और कोलकाता में इतनी घटी कीमत
सरकारी तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) द्वारा जारी नई दरों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 202 रुपये सस्ता होकर 2,728 रुपये का हो गया है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 209 रुपये घटकर 2,872.50 रुपये हो गई है। संशोधित कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
होटल-रेस्तरां और छोटे कारोबारियों को बड़ी राहत
कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में आई इस कमी से होटल, रेस्तरां, ढाबा, फूड स्टॉल, कैटरिंग व्यवसाय और अन्य छोटे व्यापारियों को सीधा फायदा मिलेगा। इससे उनके परिचालन खर्च में कमी आएगी और कारोबार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

लगातार दूसरे महीने घटी कीमत
पिछले कुछ महीनों में पश्चिम एशिया में तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी हुई थी। हालांकि जुलाई में भी कीमतों में कटौती की गई थी और अब अगस्त में भी राहत मिलने से यह लगातार दूसरा महीना है, जब कमर्शियल सिलेंडर सस्ता हुआ है।
घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
रसोई गैस इस्तेमाल करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल इंतजार करना होगा। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। तेल कंपनियां हर महीने अंतरराष्ट्रीय बाजार, कच्चे तेल की कीमतों और अन्य आर्थिक परिस्थितियों के आधार पर कमर्शियल एलपीजी के दामों की समीक्षा करती हैं।