Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

बीसीसीएल के जर्जर क्वार्टर में करोड़ों की अवैध लॉटरी फैक्ट्री का भंडाफोड़ हाईटेक मशीनें और करोड़ों के टिकट जब्त…

धनबाद: धनबाद पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निरसा अनुमंडल के चिरकुंडा थाना क्षेत्र में संचालित एक गुप्त लॉटरी प्रिंटिंग यूनिट का भंडाफोड़ किया है। बाबूडंगाल मोड़ स्थित बीसीसीएल के जर्जर दो मंजिला क्वार्टर में शुक्रवार रात हुई छापेमारी में पुलिस ने करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित लॉटरी टिकट, हाईटेक प्रिंटिंग मशीनें और बड़ी मात्रा में प्रिंटिंग सामग्री बरामद की है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

एसडीपीओ लीलेश्वर महतो के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। पुलिस को जानकारी मिली थी कि बीसीसीएल के परित्यक्त क्वार्टर में अत्याधुनिक मशीनों की मदद से प्रतिबंधित लॉटरी टिकट छापकर बड़े पैमाने पर विभिन्न जिलों और राज्यों में सप्लाई किए जा रहे हैं। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कई लोग मौके से फरार हो गए।

छापेमारी में क्या-क्या मिला?

पुलिस ने मौके से दो बड़े डिजिटल प्रिंटर, आठ छोटे प्रिंटर, दो कटर मशीन, प्रिंटिंग इंक, स्टीकर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और भारी मात्रा में कागज बरामद किए। जब्त सामान की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसे दो ट्रैक्टरों के जरिए थाना पहुंचाया गया।

कई जिलों और राज्यों तक फैला था नेटवर्क

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस यूनिट से तैयार प्रतिबंधित लॉटरी टिकट झारखंड के रांची, बोकारो, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज के अलावा पश्चिम बंगाल के आसनसोल, दुर्गापुर और वर्धमान तक भेजे जाते थे। पुलिस को आशंका है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क बिहार तक भी फैला हुआ है।

सिंडिकेट की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने कई प्रतिबंधित कंपनियों के लॉटरी टिकट भी जब्त किए हैं। बरामद टिकटों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये बताया जा रहा है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस पूरे सिंडिकेट, इसके आर्थिक लेन-देन और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top