नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 घंटे के भीतर लगातार दूसरा वीडियो संदेश जारी किया है। इस बार उन्होंने खास तौर पर युवाओं, खासकर Gen Z, का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्यार, समर्थन और सकारात्मक सुझावों ने उन्हें बेहद उत्साहित किया है। पीएम ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में उनका और युवाओं का जुड़ाव और भी मजबूत होगा।

Gen Z को कहा- धन्यवाद
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में कहा, “धन्यवाद दोस्तों… कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिला। मेरे वीडियो पर जिस तरह का रिस्पॉन्स मिला और आपने जो सकारात्मक सुझाव दिए, उसके लिए मैं आप सभी का आभारी हूं। आपका प्यार और सपोर्ट बना रहेगा और हमारा कनेक्शन आगे और भी मजबूत और एक्टिव होता जाएगा।
पेपर लीक पर ऐलान के अगले दिन आया नया संदेश
प्रधानमंत्री का यह वीडियो उस घोषणा के ठीक एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने NEET-UG 2026 विवाद और पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि सरकार पेपर लीक से जुड़े मामलों के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट और कड़े दंड वाले कानून की दिशा में आगे बढ़ रही है।

गुरुवार को किया था बड़ा ऐलान
इससे पहले प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि पेपर लीक लाखों छात्रों और उनके परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया था कि सरकार ने पिछले ढाई महीनों में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है और छात्रों का शैक्षणिक वर्ष बचाने के लिए कम समय में करीब 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा दोबारा कराई गई तथा परिणाम भी घोषित किए गए।
युवाओं से संवाद पर जोर
प्रधानमंत्री के लगातार दूसरे वीडियो को युवाओं से सीधे संवाद की पहल के रूप में देखा जा रहा है। एक ओर उन्होंने पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर सरकार का रुख स्पष्ट किया, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया के जरिए युवाओं के समर्थन और सुझावों के लिए धन्यवाद देकर उनसे लगातार जुड़े रहने का संदेश भी दिया।