नई दिल्ली/जींद: भारत ने रेलवे के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच संचालित होगी और पर्यावरण अनुकूल रेल परिवहन की दिशा में इसे ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।

हाइड्रोजन ऊर्जा से संचालित यह ट्रेन पारंपरिक डीजल ईंधन की तुलना में अधिक स्वच्छ मानी जाती है। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और भारतीय रेलवे के हरित एवं सतत परिवहन मिशन को नई गति मिलेगी। ट्रेन के शुभारंभ के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। यात्रियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आधुनिक, आरामदायक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बताया।
प्रधानमंत्री मोदी अपने हरियाणा और पंजाब दौरे के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा वे 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि रेलवे, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी से जुड़ी ये परियोजनाएं देश के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं का सबसे अधिक लाभ युवाओं और आम नागरिकों को मिलेगा तथा विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।