रांची: रांची पुलिस ने धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए तीनों बच्चों को ओडिशा के पुरी से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की लगातार जांच और विशेष अभियान के बाद करण शर्मा और शिवा नायक को भी सुरक्षित खोज लिया गया। इससे पहले 14 जून को अर्जुन नामक बच्चे को पुरी से बरामद किया गया था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों बच्चे अपनी इच्छा से समुद्र देखने और घूमने के उद्देश्य से घर से निकले थे। मामले की जांच के दौरान अपहरण या किसी आपराधिक साजिश से जुड़ा कोई भी तथ्य सामने नहीं आया।
रांची पुलिस ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार अनुसंधान किया गया, जिसके बाद पुरी में बच्चों का सुराग मिला और उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस टीम बच्चों को लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
तीनों बच्चों के सकुशल मिलने से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। रांची पुलिस ने कहा कि बच्चों की काउंसलिंग और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।