Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज चढ़ावा जांच और इस्तीफों पर हो सकते हैं बड़े फैसले…

अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को दोपहर 3 बजे श्रीराम जन्मभूमि परिसर में आयोजित होगी। हाल के दिनों में सामने आए कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण और ट्रस्ट से जुड़े अन्य अहम मुद्दों के बीच होने वाली इस बैठक पर देशभर के श्रद्धालुओं और प्रशासन की नजरें टिकी हैं।

पहले यह बैठक मणिराम छावनी में प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में इसका स्थान बदलकर श्रीराम जन्मभूमि परिसर कर दिया गया। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने सभी नियमित और पदेन सदस्यों से बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया है। जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य कारणों से ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास और वरिष्ठ ट्रस्टी के. परासरन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हो सकते हैं।

बैठक के एजेंडे में कई महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इनमें ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा द्वारा दिए गए इस्तीफों पर निर्णय, कथित चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट पर चर्चा, वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय और लेखा-जोखा की समीक्षा, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए भविष्य की व्यवस्थाओं पर विचार तथा ट्रस्ट से जुड़े अन्य प्रशासनिक और संगठनात्मक मुद्दे प्रमुख हैं।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों पर विशेष चर्चा हो सकती है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और आवश्यक प्रशासनिक निर्णय लिए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों को लेकर ट्रस्ट का रुख रहेगा। माना जा रहा है कि बैठक में इस पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है कि इस्तीफे स्वीकार किए जाएं या दोनों से अपनी जिम्मेदारियां जारी रखने का आग्रह किया जाए।

राम मंदिर से जुड़े मामलों की संवेदनशीलता और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए इस बैठक में लिए जाने वाले फैसलों को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top