जमशेदपुर: शहर में बढ़ते अपराध और करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है। पार्टी का कहना है कि लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल के खिलाफ यह बंद जनता की आवाज बुलंद करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।

बीजेपी के इस बंद को जनता दल (यूनाइटेड), आजसू पार्टी और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) समेत कई राजनीतिक दलों का समर्थन मिला है। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों और व्यापारिक वर्ग से भी बंद को सफल बनाने की अपील की गई है।
पार्टी ने व्यापारियों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से स्वेच्छा से बंद में सहयोग करने की अपील की है। बंद के दौरान बाजार, दुकानें, निजी प्रतिष्ठान, स्कूल-कॉलेज, बैंक, बस, टेंपो और अन्य यात्री वाहनों के संचालन को भी बंद रखने का आग्रह किया गया है। हालांकि, स्वास्थ्य, एम्बुलेंस, दवा और अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है।
बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के खिलाफ जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने और कानून-व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किया जा रहा है।
उधर, बंद को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।