रांची: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR 2026) अभियान सोमवार, 30 जून से शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) राज्यभर में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और गणना (इन्यूमरेशन) फॉर्म उपलब्ध कराएंगे।

घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
निर्वाचन आयोग के अनुसार, बीएलओ प्रत्येक परिवार से संपर्क कर मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन करेंगे। जिन मतदाताओं की पहले से मैपिंग हो चुकी है, उन्हें केवल गणना प्रपत्र भरकर हस्ताक्षर के साथ जमा करना होगा। जरूरत पड़ने पर पहचान और निवास से जुड़े दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं।
क्या है अभियान का उद्देश्य?
इस विशेष पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची में शामिल न हों।
5 अगस्त को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
सत्यापन अभियान पूरा होने के बाद 5 अगस्त 2026 को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद नागरिकों से दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। सभी दावों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
निर्वाचन आयोग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे बीएलओ के साथ पूरा सहयोग करें और सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराकर इस अभियान को सफल बनाएं।