जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह तालाब में शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पानी में तैरता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी।

सुबह तालाब में तैरता मिला शव
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह तालाब के पास से गुजरने के दौरान उन्होंने एक शव को पानी में तैरते देखा। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मौके पर आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
पहचान और मौत के कारणों की जांच जारी
बिष्टुपुर पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत डूबने से हुई, आत्महत्या का मामला है या फिर किसी आपराधिक घटना से जुड़ी है।