रांची: रांची पुलिस कार्यालय में मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की अध्यक्षता में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और लंबित मामलों की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और यातायात शाखा के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जनसंवाद और निगरानी बढ़ाने के निर्देश
समीक्षा बैठक में एसएसपी ने थाना स्तर पर आम जनता के साथ संवाद बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से अपराध नियंत्रण में और अधिक सफलता मिल सकती है।
लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का शीघ्र और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पॉक्सो मामलों की समीक्षा तेज करने और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े मामलों में गंभीरता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
विशेष अभियान चलाने का निर्देश
बैठक में चेन स्नैचिंग, अवैध हथियारों की तस्करी, मादक पदार्थों के कारोबार, चोरी और संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि ऐसे मामलों में सक्रिय कार्रवाई करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
रात्रि गश्ती और वारंट निष्पादन पर फोकस
एसएसपी ने रात्रिकालीन गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। इसके अलावा लंबित वारंटों के निष्पादन में तेजी लाने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में गुमशुदा बच्चों की त्वरित बरामदगी और उनसे जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करने पर भी विशेष बल दिया गया।
‘जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता’
बैठक के दौरान एसएसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों से संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग और सक्रिय कार्रवाई के माध्यम से जनता का विश्वास और मजबूत किया जाएगा।