Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

झारखंड कृषि व्यापार मेला का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किसानों को बताया देश की रीढ़…

रांची: कृषि और किसानों को समर्पित मेले का शुभारंभ राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में मंगलवार से तीन दिवसीय झारखंड कृषि व्यापार मेला-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 16 से 18 जून तक आयोजित होने वाले इस मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। सम्मान पाने वाले किसानों ने इसे अपने कार्यों की बड़ी उपलब्धि बताया।

कृषि स्टॉलों का किया अवलोकन

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने मेले में लगाए गए विभिन्न कृषि, बागवानी, पशुपालन और कृषि तकनीक से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को उपलब्ध कराई जा रही नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी भी ली गई। मुख्यमंत्री ने कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो राज्यभर में किसानों को जागरूक करने का कार्य करेगा।

‘किसान देश की असली ताकत’ : हेमंत सोरेन

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किसानों को देश की रीढ़ बताते हुए कहा कि भारत की आत्मा गांवों और खेती-किसानी में बसती है। उन्होंने कहा कि किसान का इतिहास किसी भी जाति, धर्म या समुदाय से पुराना है और खेती ने ही समाज को जोड़ने का कार्य किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि “जय जवान, जय किसान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश की पहचान है। किसान अपनी मेहनत और पसीने से पूरे देश का पेट भरता है और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

‘किसानों को मजदूर नहीं, व्यापारी बनाना लक्ष्य’

शिल्पी नेहा तिर्कीकृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को केवल उत्पादक नहीं बल्कि सफल व्यापारी के रूप में विकसित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अब तक दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का कृषि ऋण माफ कर चुकी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।

कृषि नवाचार और बाजार से जोड़ने का मंच

झारखंड कृषि व्यापार मेला-2026 किसानों, कृषि उद्यमियों और कृषि विशेषज्ञों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। मेले में आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, कृषि यंत्र, जैविक खेती और बाजार से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी किसानों को उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top