रांची: बॉक्सिंग रिंग में चमकी गोड्डा की बेटी झारखंड की उभरती खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी क्षमता का दमदार प्रदर्शन किया है। 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोड्डा की होनहार खिलाड़ी शिक्षा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले के साथ-साथ पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी की लहर है।

फाइनल मुकाबले में दिखाया दमखम
सरायकेला-खरसावां जिला बॉक्सिंग संघ एवं झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में शिक्षा कुमारी ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। 40-43 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबला करते हुए उन्होंने फाइनल में पश्चिम सिंहभूम की खिलाड़ी सिली को एकतरफा अंदाज में हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने दी बधाई
स्वर्ण पदक जीतने के बाद शिक्षा कुमारी ने रांची स्थित आवासीय कार्यालय में राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह से मुलाकात की। मंत्री ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
‘यह जीत पूरे झारखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा’
मंत्री ने कहा कि शिक्षा कुमारी की यह सफलता केवल एक पदक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मेहनत, लगन और संकल्प की मिसाल है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा आने वाले दिनों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा हर संभव सहयोग
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य राज्य के गांवों और दूरदराज क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान बना सकें।
गोड्डा के लिए गौरव का क्षण
शिक्षा कुमारी की इस उपलब्धि ने गोड्डा जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता से जिले के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने की नई प्रेरणा मिली है।