जमुई: बिहार के जमुई जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया। खैरा बाजार में पत्थर से लदे एक बेकाबू हाइवा ट्रक ने स्कूल जा रही नौवीं कक्षा की छात्रा को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, ट्रक में तोड़फोड़ की और बाद में थाने का घेराव करते हुए पुलिस पर पथराव कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की।

स्कूल जा रही छात्रा की गई जान
मृतक छात्रा की पहचान 13 वर्षीय मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। वह रोज की तरह सुबह स्कूल और कोचिंग के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान खैरा बाजार में तेज रफ्तार पत्थर लदे हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
परिजनों का आरोप, लोगों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने ट्रक में जमकर तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतका की मां संजू देवी ने प्रशासन और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
थाने तक पहुंचा विरोध प्रदर्शन:
हादसे की सूचना मिलने पर खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित लोग मुआवजे और चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। देखते ही देखते प्रदर्शनकारी खैरा थाना पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा किया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब भीड़ ने थाना परिसर पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, जवानों पर लगातार हो रहे हमले के बीच आत्मरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फायरिंग करनी पड़ी।
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात:
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।